Text selection Lock by Hindi Blog Tips

Saturday, 23 November 2013

लघुकथा----समानता
आठ दिन पहले ही काम पर लगी कमला आते ही बिना मांगे अपने
देर से आने की सफाई बर्तन धोते हुए देने लगी ----
-" मैडम जी तेरह नम्बर में मेरी बहन काम करती है ,उसे आज सुबह ही फीट
आ गया,तो मुझे ही उसका काम करने जाना पड़ा , इसीलिए देर हो गयी " ,
"अरे ! तो डॉक्टर को दिखाया ? "
" कहाँ मैडम जी , उसका आदमी ले जाता ही नहीं ,खुद काम धंधा करता नहीं
है , तो डॉक्टर से इलाज के पैसे कहाँ से आयेंगे ,छोटे छोटे दो बच्चे हैं उसके ,
खाने को ही पूरा नहीं पड़ता, बहन साहब लोगों से कह सुन कर काम लगवाती
भी है तो हरामी काम करता ही नहीं ,छोड़ कर भाग आता है ,दिन भर पड़ा
हुआ टीवी देखता रहता है,या खटिया तोड़ता है ,और … जब मन होता है
बहन से पैसे छीन झपट कर शराब पीने चला जाता है मरदुआ, बहन चिंता
के मारे सोचते ही बैठी रहती है सोच-सोच कर ही उसे फिट आने लगे हैं। "
तीन चार दिन बाद ही वो आते ही शुरू हो गयी ---
" मैडम जी आज बहन को फिर से फिट आया है ,भाई आकर उसे और उसके
बच्चों को ले गया है , बहनोई को छोड़ दिया कि तू अपना अपने आप देख,
बहन का इलाज कराएँगे,...मैडम साहब छः-सात दिनों से घर पर ही हैं ? …"
बेडरूम की तरफ देखते हुए मिसेज़ सिंह ने कुछ शर्मिंदगी से कहा ---
" हाँ तबियत ठीक नहीं है साहब की " ,, साहब के रोज -रोज छुट्टी लेकर घर
पड़े रहने से परेशान मैडम को अपने और कमला की बहन में कुछ अंतर नज़र
नहीं आ रहा था।
-----मंजु शर्मा
कविता ---मैं भावनाओं की……।

मैं भावनाओं की
बहती नदी
वेगवती निरंतर प्रवाहमान
किस्सों में ढलती
कहानियों में पलती
कविताओं में बहती
मैं भावनाओं की
बहती नदी …
नियमों के तटबंध
ना रोक सकें
मन की गतिशीलता
उसूलों कि चट्टानें
न बांध सकें
भावनाओं के प्रवाह
की निरंतरता
मैं भावनाओं की
बहती नदी
अम्बर में बिखरे
चाँद सितारे
बागों में खिलते
फूल बहुतेरे
कलरव करते पंछी
मुक्त विचरते
उपवन में प्राणी
उर में जगाते
निरन्तर भाव
मैं भावनाओं की
बहती नदी
रिमझिम रिमझिम बरसता
असमान से पानी
पीइ.. कांआ…पीइ....कांआ पुकारते
प्यासे चकोर
सुन्दर पँख फैलाये
नृत्यरत मोर
भावनाओं को
अलंकृत करते शब्दों से
शब्द कविताओं में
ढलते जाते …
बहते जाते .... बहते जाते
मैं भावनाओं की
बहती नदी
वेगवती निरन्तर प्रवाहमान
मैं भावनाओं की
बहती नदी ……
मैं भावनाओं की
बहती नदी …।
----मंजु शर्मा

Sunday, 17 November 2013

मुक्तक ---
रिश्तों पे छाई कालिमा पिघले तो ,कुछ पन्ने रंगूँ सर्द रातों में
जज्बातों पे जमी बर्फ पिघले तो ,कुछ सपने बुना करूँ सर्द रातों में
स्याह अँधेरों में विलीन हो जाने से पहले ,आकर थाम लो मुझे

मेरी बहकी सांसों को सँवारले तो , कुछ सर्जित करूँ सर्द रातों में
----मंजु शर्मा
उग आये सौ सूरज ,जब लब पे तेरा नाम आया
दूर हुए तम अंतस के ,जब दिल में तेरा नाम आया
हर प्राणी कण कण में ,प्रभु सर्वत्र व्याप्त तू ही तू
शून्य, बना सत्यं शिवम् सुंदरम , जब जुबां पे तेरा नाम आया
-----मंजु शर्मा

Sunday, 10 November 2013

जब दुःख का अँधेरा घिरने लगे ,और रात गुजरने से इंकार करे
जब जग में वीराना छाने लगे, साया साथ निभाने से इंकार करे 
खुश होओ सुबह का उजाला दूर नहीं ,सूरज अम्बर पे चमकेगा

और धरा को सूर्य किरण छूने लगे, तब बदी टिकने से इंकार करे
----मंजु शर्मा

Saturday, 9 November 2013

मुक्तक ---

       ये बंधन बड़ा अनोखा है ,अँधेरे और उजाले का
       ये रिश्ता बड़ा निराला है ,साँझ और सवेरे का
       विपदाओं की बारिश और अज्ञानता की धुंध व्याप्त हो
       अंतस में जब झांकेगा रे ,राज खुलेगा इन्सां और रब का

       ---मंजु शर्मा

Thursday, 7 November 2013



गीत --- एक दीप तुम जलाओ


एक दीप तुम जलाओ ,
एक दीप मैं जलाऊँ
एक दीप प्रीत का
एक दीप ज्ञान का
एक दीप रीति का
एक दीप दान का
एक दीप तुम जलाओ
एक दीप मैं जलाऊँ ……
एक हाथ तुम बढ़ाओ
एक हाथ मैं बढ़ाऊँ
अशिक्षा की ,धर्मान्धता की
अंधविश्वाश की ,कुप्रथाओं की
एक स्याही-लकीर तुम मिटाओ
एक काली लकीर मैं मिटाऊँ
एक दीप तुम जलाओ 
एक दीप मैं जलाऊँ  ………
एक आवाज तुम दो
एक आवाज मैं दूँ
मानवता की ,समानता की
अहिंसा की ,इन्साफ की
एक पुकार तुम सुनो
एक पुकार मैं सुनूँ
एक दीप तुम जलाओ
एक दीप मैं जलाऊँ  .......

एक कदम तुम उठाओ
एक कदम मैं उठाऊँ
वतन में अमन का
समाज में सदभाव का
नारी के सम्मान का
देश के विकास का
एक दीप तुम जलाओ
एक दीप मैं जलाऊँ  .......
एक प्रज्वलित दीप तुम्हारा
एक प्रज्वलित दीप मेरा
मिले बन जाये पवित्र ज्योति
विशालकाय दिव्य-अखण्ड ज्योति
अँधियारा मिटा दे हर अंतस का
उजला कर दे कण कण जग का
एक दीप तुम जलाओ
एक दीप मैं जलाऊँ  ……
एक दीप प्रीत का
एक दीप ज्ञान का  .....
-----मंजु शर्मा